बेनीपट्टी(मधुबनी)। इंडो-नेपाल बॉर्डर के पिपरौन एसएसबी कैंप के जवानों की ओर से कथित पिटाई किए जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों ने एसएसबी कैंप का घेराव कर विरोध प्रकट किया। मामला, शुक्रवार की देर शाम की है। इस दौरान काफी संख्या में महिलाएं व बच्चे एकत्रित होकर कैम्प के बाहर घंटो तक गहमागहमी व जवानों से नोंकझोंक करते रहे। आक्रोशित लोगों का आरोप है नेपाल से चाइनीज सेब की पेटी लाने के दौरान एसएसबी जवानों ने महिला व बच्चों की पिटाई कर दी। जिससे कुछ लोग घायल हैं। इस संबंध में जवानों का आरोप है कि महिलाएं नेपाल से चाइनीज सेब की तस्करी कर ला रही थी। जवानों को सूचना दी कि नेपाल से चाइनीज सेब की पेटी में शराब लाई जा रही है। जिसके संबंध में उन लोगों से पूछताछ करते ही वे लोग जवानों पर हमला कर दिया। और वे लोग गाली गलौज करते हुए धक्कामुक्की करने लगे। पिपरौन एसएसबी कैंप इंचार्ज एसआई परिबल महतो ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराते हुए वरीय एसएसबी अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी। मामले को शांत कराने पहुंचे एसएसबी इंस्पेक्टर पीसी दास व इंस्पेक्टर आरसी मल्होत्रा ने बताया कि जवानों पर पिटाई का आरोप निराधार है। नेपाल से चाइनीज सेब की तस्करी की रोकथाम के दौरान नोंकझोंक हुई है। लोगों से वार्ता कर हंगामा शांत करा दिया गया है।