बेनीपट्टी(मधुबनी)। प्रखंड जेडीयू अध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने शुक्रवार को अंचलाधिकारी को पत्र सौंप कर 2020 में आये बाढ़ में जीआर की राशि प्राप्त पीड़ितों की सूची दिए जाने की मांग की है। जेडीयू अध्यक्ष श्री सिंह ने सीओ से बाढ़ से पूर्ण व आंशिक पंचायत की सूची भी मांग की है। जेडीयू अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि जीआर की राशि में काफी गड़बड़ी की गई है। कई लोगों को जीआर की राशि से वंचित कर दिया गया है तो कई ऐसे लोगों को जीआर की राशि दी गई, जो इस श्रेणी में नहीं थे। जेडीयू अध्यक्ष ने बताया कि सरकारी पदाधिकारियों की लापरवाही से गरीब लोगों को परेशान नहीं होने दी जाएगी। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ वरीय अधिकारी व मंत्री को जानकारी दी जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जन जन के नेता है। वो समाज के हर तबकों के लिए सोचते है। ऐसे में अधिकारियों की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।