BNN News


बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बर्री गांव की रहने वाली जुली देवी ने अपनी निजी केवाला की जमीन से जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से अवैध रूप से मिट्टी कटाई करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना, अंचल, जिला प्रशासन एवं खनन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत का विवरण सहयोग पोर्टल पर भी दर्ज कराया गया है।

पीड़िता जुली देवी के अनुसार, 2 जून 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके ग्रामीण राकेश मिश्रा एवं बृजेश मिश्रा कथित रूप से जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर उनकी केवाला की जमीन पर पहुंचे और मिट्टी की खुदाई शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जेसीबी के बकेट से मारने का प्रयास किया गया, जिसके बाद वह वहां से भागकर गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी।

शिकायत में कहा गया है कि जब उनके पति श्रीराम मिश्रा ने मोबाइल पर मिट्टी कटाई का विरोध किया तो उन्हें भी कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पीड़िता का दावा है कि धमकी भरी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास उपलब्ध है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मिट्टी कटाई में प्रयुक्त जेसीबी के वैध कागजात नहीं हैं तथा उसे नेपाल से अवैध तरीके से लाया गया है। साथ ही नामजद आरोपी के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक मामले लंबित होने और बिना लाइसेंस हथियार रखने का भी आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जुली देवी ने बेनीपट्टी थाना, अंचलाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को दिए जून महीने में ही दिए गये आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन रोकने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार, मामला गृह विभाग के अंतर्गत दर्ज किया गया है और इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को अग्रसारित किया गया है।

वहीं इन आरोपों को लेकर राकेश मिश्रा का कहना है कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं, उनकी सहमति से मिट्टी काटी गई, जिसका पेपर भी बना हुआ है। बावजूद इस तरह का आरोप लगाया गया है, प्रशासन इसकी जांच करें तो हम सहयोग करेंगे



आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post