BNN News


मधुबनी (बेनीपट्टी): प्रखंड की मुरैठ पंचायत में धान अधिप्राप्ति को लेकर छिड़ा विवाद अब जांच के दायरे में है। जहाँ एक ओर स्थानीय ग्रामीण ने पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर पैक्स पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे व्यक्तिगत रंजिश करार दिया है।

आरोपों की झड़ी : अपात्रों के नाम पर उठाव का दावा

कपसिया निवासी कौशल कुमार झा ने जिलाधिकारी को दिए आवेदन में साक्ष्यों के साथ शिकायत की थी कि पैक्स अध्यक्ष विद्यानंद झा और उनके पुत्र सह प्रबंधक सुधीर कुमार झा ने नियमों के विरुद्ध जाकर धान की खरीद की है। शिकायत में आरोप था कि कॉलेज के छात्रों, दूसरे देशों में विवाहित महिलाओं और गैर-किसानों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान लिया गया। साथ ही वार्ड विशेष और परिवारवाद को बढ़ावा देने के भी आरोप लगाए गए थे।

इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए पैक्स प्रबंधक सुधीर कुमार झा ने कहा कि लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं। प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता कौशल कुमार झा ने व्यक्तिगत कारणों और आपसी मतभेद की वजह से इस प्रकार की शिकायत की है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

सुधीर कुमार झा ने आगे जानकारी देते हुए बताया, शिकायत के आलोक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा गुरुवार को पैक्स की विस्तृत जांच की गई है। विभाग ने सभी बिंदुओं और दस्तावेजों को खंगाला है। जांच रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।"

जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें

मामले के दोनों पक्षों के सामने आने के बाद अब सबकी नजरें सहकारिता विभाग की उस जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो जिलाधिकारी को सौंपी जानी है। जहाँ शिकायतकर्ता उच्च स्तरीय कमेटी से भौतिक सत्यापन की मांग पर अड़े हैं, वहीं पैक्स प्रबंधन अपनी पारदर्शिता का दावा कर रहा है। सरकारी दफ्तरों में चल रही इस खींचतान के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि विभाग की जांच रिपोर्ट में क्या निकलकर सामने आता है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post