BNN News

 

बेनीपट्टी, मधुबनी भाकपा (माले) के राज्य कमेटी सदस्य श्याम पंडित एवं युवा नेता अजीत ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बेनीपट्टी अनुमंडल क्षेत्र में धान अधिप्राप्ति के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेनीपट्टी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।


नेताओं ने आरोप लगाया कि अनुमंडल क्षेत्र में वर्षों से फर्जी किसानों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो वास्तविक किसानों के अधिकारों का हनन कर रहा है। पैक्स अध्यक्षों, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों तथा राइस मिल संचालकों की मिलीभगत से धान खरीद में व्यापक गड़बड़ी की जा रही है। फर्जी किसानों के नाम पर धान खरीद दिखाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया जा रहा है, जबकि वास्तविक किसान समर्थन मूल्य और सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।


भाकपा-माले नेताओं ने कहा कि किसानों के साथ हो रहे इस शोषण के खिलाफ पार्टी वार्ड स्तर से लेकर पंचायत, प्रखंड और अनुमंडल स्तर तक व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी। किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठित करने का अभियान चलाया जाएगा।


ज्ञापन में फर्जी किसानों की पहचान कर निष्पक्ष जांच, राइस मिल संचालकों, पैक्स अध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों के बैंक खातों की जांच, राइस मिलों के सीसीटीवी फुटेज की जांच, धान परिवहन में इस्तेमाल वाहनों की जीपीएस जांच तथा प्रत्येक पंचायत में धान बेचने वाले किसानों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की गई है।


प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि खरीफ फसल का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए तथा पश्चिमी कोसी नहर का पानी सभी शाखाओं तक पहुंचाया जाए। क्षेत्र के किसान एक ओर प्राकृतिक आपदाओं और दूसरी ओर भ्रष्टाचार की मार झेल रहे हैं। ऐसे में किसानों के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार को अब भाकपा-माले बर्दाश्त नहीं करेगी।


भाकपा-माले ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वास्तविक किसानों को उनका हक और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post