बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी के पाली उत्तरवारी टोल में तीन माह पूर्व हुए जमीनी विवाद में जख्मी महिला की मौत हो गयी है। महिला चंद्रमुखी देवी (85) का इलाज सदर अस्पताल में हो रहा था। गौरतलब है कि गत 14 सितंबर को पाली के उत्तरवारी टोल में सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद उत्पन्न हो गया था। जहां विधि व्यवस्था संधारण के लिए पहुँचे बेनीपट्टी पुलिस को भी एक पक्ष के लोगों ने खदेड़ कर भागने पर मजबूर कर दिया था। जिसके बाद उनलोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ हिंसक रूप से मारपीट की थी। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से दर्जनों लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दिए गए फर्दबयान पर केस दर्ज की थी। उधर, उक्त मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।