बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी अंचल के शाहपुर पंचायत के चानपुरपट्टी स्थित वार्ड न0-14 में शनिवार की सुबह करीब चार बजे भीषण आग लग गयी। आग में तीन लाख से अधिक मूल्य के सामानों की क्षति हुई है। मिली जानकारी के अनुसार चानपुरपट्टी के मो. साबिर राईन, मो. बेचन राईन व मो. शौकत राईन के घर आग लग गयी। मो. साबिर के पुत्री की शादी तय थी। जिसको लेकर पीड़ित पुत्री को देने के लिए फर्निचर का सामान, कीमती कपड़े, अनाज, जेवरात बनाकर घर में रखे हुए थे। वहीं पीड़ित परिवार के घर में रखा कुछ कागजात भी जल गए है। मो. साबिर के दो घर जल गए है। वहीं मो. बेचन व मो. शौकत का एक-एक घर जलकर खाक हो गया है। आग कैसे लगी, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पीड़ितों ने बताया कि सुबह अधिक ठंड के कारण वो लोग सोए हुए थे। इस दौरान आग कैसे लगी व कहां से लगी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। उधर, आग लगते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने दमकल अपने स्तर से  आग पर काबू कर इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को दी। जिसके बाद मौके पर पैक्स अध्यक्ष काशीनाथ झा मंगल व मुखिया मंजू देवी पहुंच कर पीड़ित परिवार के लोगों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं अग्निकांड की जानकारी सीओ को दी गई। बता दे कि पीड़ित परिवार के आवासीय घर आग की भेंट चढ़ जाने की स्थिति में अब पीड़ित परिवार की समस्या अधिक बढ़ गयी है। कड़ाके की ठंड में अब पीड़ित का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। वहीं घर में रखा अनाज पूरी तरह से जल गया है। जिससे पीड़ित परिवार अधिक चिंतित है। पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी सीओ को देकर यथाशीघ्र राहत प्रदान किए जाने की मांग की गई है। वहीं मुखिया ने सीओ से तत्काल पीड़ित परिवार को पॉलीथीन उपलब्ध कराने की मांग की है। सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता ने बताया कि पीड़ित परिवार को पॉलीथीन उपलब्ध कराया जाएगा। उपरांत रिपोर्ट आने के बाद प्रावधान के अनुसार राहत दी जाएगी।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post