बेनीपट्टी(मधुबनी)। कचरी चौक पर 31 वर्षो की उपेक्षा झेल रहे कटाव स्थल पर पुल निर्माण की मांग को लेकर आन्दोलन कर रहे लोगों का आन्दोलन खत्म करा दिया गया है। शनिवार की देर शाम एसडीएम मुकेश रंजन, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रुप से आन्दोलन कर रहे लोगों से सफल वार्ता कर मुखिया अजित पासवान के नेतृत्व में किए जा रहे अनशन को खत्म करा दिया गया। एसडीएम ने तुरंत निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने का निर्देश दिया है। तीन दिनों से महाधरना पर बैठे आन्दोलनकारी से वार्ता नहीं किए जाने की स्थिति पर आन्दोलनकारियों ने शनिवार की सुबह से आमरण अनशन करने की घोषणा कर दी। जिसके बाद लोगों का आक्रोश प्रशासन के प्रति बढ़ रहा था। मुखिया श्री पासवान के साथ उन्नीस लोगों ने एक साथ आमरण अनशन शुरु कर दी थी। जिसके बाद देर शाम अधिकारियों ने अनशन स्थल पर पहुंच कर अनशनकारियों से वार्ता कर करीब डेढ़ घंटे के बाद निर्माण कार्य शुरु कराने की बात पर अनशन को खत्म कराया गया। वार्ता के दौरान कई बार नोंक-झोंक की स्थिति भी सामने आयी। वहीं वार्ता के दौरान गांव में हुए सड़क निर्माण में कथित तौर पर किए जा रहे अनियमितता के संबंध में भी अधिकारियों को जानकारी दी गयी। गौरतलब है कि धकजरी से चतरा के मध्य कचरी चौक पर गत 31 वर्ष पूर्व बाढ़ से हुए कटाव के कारण मुख्य सड़क पर दो सौ फीट का कटाव होने के साथ गहरा गड्ढा हो गया। जहां बारिश आते ही गड्ढा में जलजमाव हो जाती थी। लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थिति इतनी खराब हो जाती थी, कि साल के करीब पांच महीना लोग दूसरे पथ से आवाजाही करते थे। इस बीच कचरी चौक पर पुल निर्माण को लेकर कई बार आन्दोलन किया जा चुका था। एसडीएम मुकेश रंजन ने बताया कि अनशन को समाप्त करा दिया गया है। निर्माण कार्य शुरु कराने का निर्देश दिया गया है। वार्ता के दौरान प्रमुखपति सह राजद अध्यक्ष राजेश यादव, एमएसयू के विकास झा, आशीष झा चुन्नू समेत कई लोग मौजूद थे।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post