बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी अंचल के गम्हरिया गांव में बीती रात आग लगने से भारी क्षति हुई है। लाखों के नकद समेत एक मासूम बच्चा व एक गाय की झूलसने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान मनोज झा के पुत्र सचिन कुमार झा (9) के रूप में की गई है। वहीं मृतक के दादा शिवनारायण झा भी झूलस गये है। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात घर के सभी सदस्य अपने घर में थे। अचानक बिजली के शॉट सर्किंट से घर में आग लग गयी। घर के लोग जब तक घर से सामान व छोटे बच्चों को निकालते। तब तक घर में रखा तीन गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। जिससे आग बेकाबू हो गया। अगलगी में एक मासूम के साथ एक गाय घर में ही फंसी रह गई। जिसकी मौत हो गयी। उधर जानकारी मिलते ही एसडीएम मुकेश रंजन, एसडीपीओ पुष्कर कुमार एसएचओ महेन्द्र कुमार सिंह व बीडीओ सह सीओ साहब रसूल गांव पहुंच कर राहत बचाव कार्य का जायजा लिया। अगलगी में बताया जा रहा है कि अगलगी में करीब चार लाख की क्षति हुई है। घर में पक्का मकान के निर्माण के लिए रखा करीब दो लाख नकद समेत लाखों रुपये के जेवरात अनाज व कपड़ा जलकर खाक हो गया है। मृतक के परिजन के कारुणिक चीत्कार से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों ने बताया कि आग तुरंत इस कदर बेकाबू हो गया कि मात्र एक छोटी लड़की को घर से बाहर निकाल सका। आग पर स्थानीय लोगों ने काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तेज हवा के कारण संभव नहीं हो सका। जिसके बाद अग्निशमन दस्ता के द्वारा पहुंच कर आग पर काबू पाया गया। तब तक सब कुछ जलकर खाक हो गया था। उधर बीडीओ सह सीओ साहब रसूल ने गम्हरिया पहुंच कर मृतक के परिजन को तत्काल चार लाख रुपये का चेक सौंप कर अन्य सरकारी लाभ दिए जाने का आश्वासन दिया है।