बेनीपट्टी(मधुबनी)। शिक्षा मित्र में बहाल होने के लिए नाम व जन्मतिथि में हेरफेर कर पुनः मैट्रिक परीक्षा में शामिल होकर शिक्षा मित्र में बहाल होना साहरघाट के कर्मवीर कुमार को मंहगा पड़ गया है। निगरानी विभाग ने पूरे मामले की जांच करा कर शिक्षा मित्र में बहाल हुए कर्मवीर कुमार के खिलाफ साहरघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। साहरघाट पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है। मिली जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी ने वर्ष-2015 में प्रखंड नियोजन समिति को उक्त शिक्षा मित्र के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जिसके आलोक में प्रखंड नियोजन समिति ने 04 जनवरी 2016 के बैठक में साहरघाट मध्य विद्यालय के कर्मवीर कुमार के मामले की जांच में पाया कि शिक्षा मित्र के खिलाफ लगे आरोप सत्य है। जिसके बाद समिति ने बिहार प्रारंभिक शिक्षक नियोजन एवं सेवाशर्त नियामवली-2012 के नियम (15) की कंडिका (छ) (1) के तहत तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त करते हुए सेवावधि में ली गई राशि एक मुश्त जमा करने का आदेश दिया था। उधर, निगरानी विभाग ने जब मामले की जांच की तो जांच के दौरान याचिकाकर्ता के संबंध में जानकारी मिली कि कर्मवीर कुमार का असली नाम भरत भगत है। वर्ष-1983 के माध्यमिक परीक्षा में भारत भगत के नाम से मैट्रिक की परीक्षा में शामिल हुआ। जिसमें द्धितीय श्रेणी से उर्तीण हुआ। उक्त परीक्षा के समय भारत भगत का जन्मतिथि 03 जनवरी-1967 था। निगरानी के अधिकारी ने जब जांच का दायरा फैलाया तो जानकारी मिली कि भारत भगत के नाम से परीक्षा उर्तीण हो चुके व्यक्ति ने वर्ष-1989 में कर्मवीर कुमार के नाम से पुनः मैट्रिक की परीक्षा में भाग लेकर उर्तीण हुआ। जिसमें कर्मवीर कुंमार को रोल नम्बर-366 व कोड-6221 था। जन्मतिथि-05 अप्रैल-1973 था। निगरानी के जांच के दौरान पूरा मामला स्पष्ट होने के बाद निगरानी विभाग के पुलिस निरीक्षक मो. नजीमउद्दीन ने साहरघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि प्राथमिकी के बाद अनुसंधानकर्ता को मामले की पूरी जांच करने का निर्देश दिया गया है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post