बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी के बसैठ चानपुरा में कृषि महाविद्यालय के खुलने से लोगों को सहूलियतों के साथ क्षेत्र का विकास होगा। क्षेत्र के किसान इससे लाभान्वित होंगे। ये बातें केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने रविवार को बेनीपट्टी के बसैठ चानपुरा में वेदमती भवनाथ चौधरी कृषि महाविद्यालय का भूमि पूजन के उपरांत कही। श्री चौबे ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। आज कृषि को नए टेक्नोलॉजी से जोड़ने का काम हो रहा है। ताकि, कम समय में किसानों को अधिक फसल की पैदावार हो। केंद्र सरकार व बिहार सरकार किसानों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। ऐसे में बेनीपट्टी में कृषि महाविद्यालय खुलना बहुत बड़ी बात है। वही श्री चौबे ने खाद की किल्लत पर पूछे गए सवाल पर कहा कि, केंद्र सरकार के द्वारा खाद की आपूर्ति की गई है। खाद की कोई कमी नहीं है। जिले में आगमन के साथ ही उन्होंने मधुबनी डीएम से इस संबंध में बात की है। अगर इस तरह की समस्या है तो प्रशासन को अवश्य कार्रवाई करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच खाद का वितरण कराना प्रशासनिक अधिकारियों का काम है। उन्हें देखना चाहिए कि, किसी भी किसान को खाद के लिए समस्या नहीं उठानी पड़े। इससे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने शिलान्यास से पूर्व वेदमती देवी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन कर पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कृषि महाविद्यालय का शिलान्यास किया। उपरांत, प्रांगण में वृक्षारोपण किया। मौके पर दरभंगा के कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय के वीसी डॉ शशिनाथ झा, डीएफओ चंचल कुमार, शिक्षाविद डॉ संत चौधरी, अशोक चौधरी, एसडीओ अशोक कुमार मंडल, डीएसपी अरुण कुमार सिंह, डीसीएलआर शिवकुमार पंडित, सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता आदि थे।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post