
बेनीपट्टी (मधुबनी) : महमदपुर कांड को लेकर चर्चा में आये मुख्य आरोपी प्रवीण झा की पत्नी ने त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में उतरने का फैसला किया है। जो जानकारी सामने आ रही उसके अनुसार प्रवीण झा की पत्नी प्रिया कुमारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चुनावी तैयारी भी शुरू कर दी है। प्रिया कुमारी जिला परिषद क्षेत्र संख्या - 7 से से जिला परिषद सदस्य की उम्मीदवार होंगी।
बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर इससे पहले प्रवीण झा खुद त्योंथ पंचायत से मुखिया पद से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, इसी क्रम में 29 मार्च 2021 को महमदपुर गांव में आपसी वर्चस्व की लड़ाई ने प्रवीण झा के चुनावी भविष्य पर ग्रहण लगा दिया, जिस घटना में एक पक्ष के पांच लोगों की मौत हुई थी। जिसमें मुख्य आरोपी बनाये गये प्रवीण झा सहित अन्य की गिरफ्तारी हुई।
जिसके बाद यह भी अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रवीण झा ने जिस तरह से मुखिया चुनाव को लेकर क्षेत्र में दौरा किया था, उसको देखते हुए उनकी पत्नी मुखिया पद से चुनावी मैदान में आ सकती है। लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है उस अनुसार प्रवीण झा की पत्नी प्रिया कुमारी जिला परिषद क्षेत्र संख्या - 7 से उम्मीदवार होंगी।
बता दें कि महमदपुर कांड में आरोपी बनाये गये प्रवीण झा के साथ माता सुनैना देवी, पिता घनश्याम झा भी जेल में बंद हैं।