बेनीपट्टी(मधुबनी)। महमदपुर में हुई खूनी होली के फरार आरोपितों की मुसीबत फिर बढ़ने वाली है। पुलिस ने कुर्की-जब्ती का आदेश न्यायालय से प्राप्त कर रविवार को ग्यारह फरार आरोपितों के घर ढ़ोल बजा कर आवाज देते हुए स्थानीय लोगों के सामने इश्तेहार चिपका दिया है।
पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि इश्तेहार चिपकाने के बाद भी आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपितों के घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। जिसमें घर के सारा सामान के साथ-साथ खिड़की व गेट तक उखाड़ लिए जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस ने महमदपुर के भवनारायण झा, मनोज झा, बबन सिंह, विमलेश सिंह, सुजीत कुमार सिंह, मुसाफिर सिंह, अशोक सिंह, उमेश सिंह उर्फ बीडीओ, गम्हरिया गांव के आनंद चौधरी, पौआम गांव के मनोज सिंह व गैवीपुर के सुजेय साफी के घर इश्तेहार चिपकाया गया है।
इश्तेहार चिपकाने के दौरान भारी पुलिस बल टीम के साथ मौजूद थी। इस दौरान प्रभारी एसएचओ रविन्द्र प्रसाद, सुभाष मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक संजीत कुमार समेत कई थाना अधिकारी मौजूद थे। बता दे कि आरोपितों पर होली के दिन महमदपुर में गोलीबारी व हत्या के आरोप है। उक्त कांड में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, एक जख्मी अभी भी गंभीर स्थिति में है।
Follow @BjBikash