बेनीपट्टी(मधुबनी)। केन्द्र की मोदी सरकार किसान-मजदूर विरोधी कृत्य कर रही है। कृषि बिल से किसानों को क्षति होगी। इसे केन्द्र सरकार तत्काल वापस लेकर किसानों के आन्दोलन को खत्म कराएं। ये बातें राजद के पूर्व विधायक रामाशीष यादव ने बेनीपट्टी में प्रेस वार्ता करते हुए कहा। श्री यादव ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार हमेशा से ही कुछ न कुछ ऐसा कर रही है, जिससे देश में लगातार जनता सड़कों पर आ रही है। कुछ ही दिन पूर्व सीएए व एनआरसी के मुद्दे पर देश में आन्दोलन हुआ। आखिर, मोदी सरकार देश को अस्थिर क्यों करना चाह रही है। जबकि, देश के लोग शांतिपूर्वक व भाईचारा के साथ रहना चाहते है। पूर्व विधायक ने कहा कि कोरोना में विफल हो चुकी सरकार अब कृषि बिल लाकर किसानों को सड़क पर लाने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि पंजाब व हरियाणा के किसानों ने एकजुटता दिखा कर दिल्ली पहुंच कर आन्दोलन शुरु कर दिया है। जबकि, किसानों को दिल्ली से बाहर रखने के लिए कई प्रयास किए गये। उन्होंने बिहार, झारखंड व यूपी के किसानों को भी आन्दोलन में भाग लेने की अपील की। मौके पर माकपा नेता पवन भारती, रामबाबू, रामदेव महथा आदि लोग मौजूद थे।