बेनीपट्टी(मधुबनी)। अरेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा के एक गढ्ढे से बच्ची का शव मिला है। शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार एक बच्ची कल सुबह से ही घर से गायब थी। जिसकी देर शाम तक खोजबीन की गई। लेकिन लड़की का कोई अता-पता नहीं लगा। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह पुनः खोजबीन की गई तो लड़की का शव उक्त पानी से भरे गढ्ढे में मिला। ग्रामीणों की माने तो लड़की के मुंह में ओढ़नी घुसा हुआ था। नाक से रक्त निकल रहा था। जिससे संभावना है कि उक्त लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। उधर, जानकारी मिलते ही अरेर एसएचओ राजकिशोर कुमार, अवर निरीक्षक रामचंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच कर ग्रामीणों से वार्ता कर करीब तीन-चार घंटे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेजा। इससे पूर्व सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता भी मौके पर पहुँच कर लोगों से बात की। अरेर एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना का स्पष्ट खुलासा हो सकता है।