बेनीपट्टी(मधुबनी)। मुख्यालय पंचायत के बेहटा में जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। बारिश के पानी से स्थिति काफी भयावह हो गई है। स्थिति का आकलन इसी से लगाया जा सकता है कि लोग अब जलभराव को देखते हुए प्रशासन से सड़क पर नाव चलाने की मांग कर रहे है। बेनीपट्टी के विद्यापति चौक से भारद्वाज टोला होते हुए ब्लॉक जाने वाली सड़क में काफी दूरी में बरसात का पानी जमा हो जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन तथा परिचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त मार्ग में नाला रहते हुए भी जलनिकासी नही हो पा रही है, जिसके कारण जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। साथ ही लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुल मिलाकर कहें तो नारकीय स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार विद्यापति चौक से प्रखंड कार्यालय को जोड़ने वाली यह बाईपास मार्ग है। सड़क किनारे नाला का निर्माण तो कराया गया है, पर निकासी का रास्ता बंद हो जाने के कारण जलनिकासी नही हो पा रही है। जिसके कारण बेनीपट्टी पुरवारी टोल, भारद्वाज टोल के आमजनों तथा प्रखंड कार्यालय व विश्वंभर नाथ महादेव मंदिर आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।