बेनीपट्टी(मधुबनी)। बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ के बेनीपट्टी इकाई के सदस्यों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बेनीपट्टी प्रखंड संसाधन केन्द्र से अनुमंडल कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उपरांत रसोईयों ने अनुमंडल कार्यालय का घेराव कर अपने मांग के समर्थन में सभा को संबोधित किया। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगो पर यथोचित काररवाई नहीं करती है, तब तक सभी रसोईयां मजबूती से आन्दोलन में रहेगी। वक्ताओं ने कहा कि मध्याह्ण भोजन उनलोगों के मेहनत से सफल हो रहा है, और सरकार पीठ स्वयं थपथपा रही है। उनलोगों को उनका हक नहीं दिया जा रहा है। इसलिए, अब संघ आरपार के मूड में आ गयी है। सभी जगहों पर आंदोलन तेज किया जाएगा। संघ के दिनेश ठाकुर ने बताया कि हमलोग अपने मांग के समर्थन में गत सात जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। उन्होंने कहा कि, सभी रसोइयों को सरकारी कर्मी का दर्जा, बकाये मानदेय का भुगतान, नियुक्ति पत्र दिए जाएं, रसोइयों को वर्दी के रूप में साल में चार सूती साड़ी दिए जाएं, रसोइयों को दुर्घटना बीमा व स्वास्थ्य बीमा का लाभ, महिला रसोइयों को मातृत्व अवकाश का लाभ, दस माह के जगह 12 माह का मानदेय व मृत रसोइयों को चार लाख के भुगतान की मांग को लेकर आंदोलनरत है। इस दौरान मधवापुर के मिथिलेश कुमार भगत, इन्द्र कुमार मंडल, विनोद पासवान, राजीव कुमार, मनोज कुमार साह, पलटू पासवान, शीला देवी,उषा देवी, शांति देवी, प्रमिला देवी, विश्वनाथ ठाकुर, गंभीरा देवी, मिंटू देवी, साधना देवी सहित अनुमंडल के सभी ब्लॉक के रसोईयां मौजूद थे।