बेनीपट्टी(मधुबनी)। खिरहर के हिसार गांव में सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान हिसार गांव निवासी राम सागर मंडल के रूप में की गयी है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक गांव में आये दिन सांप को पकड़कर गांव से दूर छोड़ने का काम करता था। इसी दौरान सोमवार की सुबह विषैले नाग को पकड़कर पिंजरा में रख रहा था। इसी दौरान सांप ने टर्न लेकर सपेरे के हाथ में काट लिया। आनन फानन में परिजनों ने मृतक को झाड़फूंक के लिए दो जगह ले गए परंतु मृतक को नहीं बचाया जा सका। परिजनों ने बताया कि मृतक को इससे पहले भी तीन बार सांप ने डस लिया था। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के सांप पकड़ने की कला से हम ग्रामीण सर्प से भयमुक्त रहते थे। गांव में किसी के घर सांप घुसता था तो मृतक उसे आसानी से पकड़कर जंगल या गांव से दूर छोड़ आता था। मृतक के पांच बच्चे थे। जिसमे दो लड़का व तीन लड़की है। मृतक की पत्नी धनमंती देवी सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।