बेनीपट्टी(मधुबनी)। वित्तीय वर्ष 2017-18 में अनुमंडल प्रक्षेत्र के चारों अंचल ने राजस्व वसूली में बेहतर परिणाम दिया है। विभाग की ओर से प्राप्त लक्ष्य से अधिक की वसूली की गयी है। राजस्व वसूली में सबसे अधिक भू-लगान से वसूली की गयी है। एसडीएम मुकेश रंजन ने राजस्व वसूली पर जानकारी देते हुए कहा। एसडीएम रंजन ने बताया कि विभाग की ओर से बेनीपट्टी अनुमंडल को तीन करोड़ बीस लाख रूपये राजस्व मद में वसूली करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिस पर तीन करोड़ चौबीस लाख रूपये राजस्व मद में लक्ष्य से अधिक वसूली की गई है। एसडीएम ने अंचलवार राजस्व वसूली की जानकारी देते हुए कहा कि बेनीपट्टी अंचल से एक करोड़ 70 हजार, मधवापुर से 69 लाख 48 हजार 848, बिस्फी से 75 लाख 22 हजार, हरलाखी से 78 लाख 37 हजार, राजस्व वसूली की गई है। एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल में जमाबंदी आनलाईन प्रकिया शुरू कर दी गई है। वहीं एसडीएम ने राजस्व वसूली लक्ष्य से अधिक करने पर अधिकारियों को बधाई दी है।