बेनीपट्टी(मधुबनी)। अरेर थाना क्षेत्र के मुरैठ गांव में शनिवार की सुबह घर के जर्जर पिलर में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान पासवान टोला के चंदेश्वर पासवान (48) के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के घर का निर्माण कार्य चल रहा था। घर के एक किनारे भोजन कर शौच के लिए आंगन के दूसरी ओर जा रहा था, इसी क्रम में पूर्व के मकान का पिलर मृतक के सीने पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पिलर को हटा कर गंभीर अवस्था मे निकाल कर मधुबनी ले गया। हालात चिंताजनक होने पर उसे दरभंगा रेफर कर दिया गया। परिजन के अनुसार दरभंगा जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी। उधर घर का एकमात्र कमाऊ होने के कारण घर के सदस्यों में गहरी उदासी छा गयी है। वही मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। स्थानीय लोग मृतक के पत्नी को चुप कराने का प्रयास कर रहे थे।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक को तीन बेटी व एक बेटा है। एसएचओ गया सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया कर सरकारी सहायता दिलाने की पहल की जाएगी।