बेनीपट्टी (मधुबनी)। व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा ने एक बार फिर व्यापार मंडल के अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के सभी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गये है। निर्वाचित सभी सदस्यों एवं अध्यक्ष श्री मिश्रा को आरओ सह बीडीओ डा. अभय कुमार ने प्रमाणपत्र दिया है। गौरतलब है कि कार्यकारिणी के सदस्य नामांकन के साथ ही निर्विरोध चुन लिए गये थे। किसी भी सदस्य के सीट पर अन्य लोगों ने नामांकन नहीं किया। परंतु अध्यक्ष के पद पर प्रवीण झा ने नामांकन कर दिया था। प्रवीण झा के नामांकन वापसी के साथ ही राजेन्द्र मिश्रा के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया था। जिसके कारण आज मतदान की प्रक्रिया नहीं की गयी। आरओ सह बीडीओ ने बताया कि सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र दे दिया गया है। जानकारी दें कि अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा के साथ पैक्स की ओर से राजीव कुमार झा, ललन झा व सुनील कुमार सदस्य के रुप में निर्वाचित हुए, वहीं किसान की ओर से अमेरिका देवी, ढक्कन पासवान, मंगल यादव, मोद नारायण झा, शशिभूषण सिंह व सहदेव सहनी निर्वाचित हुए है।उधर नामांकन नहीं किये जाने के कारण सदस्यों की ओर से तीन सीट रिक्त रह गये है।उधर राजेन्द्र मिश्रा के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद जदयू नेताओं ने खुशी प्रकट की है। राजेन्द्र मिश्रा के समर्थकों ने अध्यक्ष को फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष को गंगूली पंचायत के पैक्स अध्यक्ष प्रेमशंकर राय, इन्द्रजीत मिश्रा, धर्मेंद्र साह सहित कई नेताओं ने बधाई दी है। मौके पर बीसीओ अवधेश कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।उधर हरलाखी प्रखंड के व्यापार मंडल के कुर्सी पर श्रवण झा ने जीत दर्ज की है। श्रवण झा ने बलराम यादव को अध्यक्ष पद की चुनाव में 27 मतों से पराजित कर दिया है। हरलाखी में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कुल-188 मतों में से कुल-138 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव किसान भवन में कराया गया। हरलाखी में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव के पर्यवेक्षक के तौर पर समस्तीपुर के जिला मत्स्य पदाधिकारी सनत कुमार सिंह मौजूद थे।वहीं स्टेटिक दंडाधिकारी के रुप में बिस्फी के सीओ राकेश कुमार एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारी के रुप में बेनीपट्टी सीओ पुरेन्द्र कुमार सिंह लगाये गये थे। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया है। आरओ सह बीडीओ मार्कण्डेय राय ने सभी निर्वाचित को प्रमाणपत्र दिया। गौरतलब है कि हरलाखी के व्यापार मंडल के कार्यकारिणी सदस्य के रुप में 12 सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिये गये थे।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post