बेनीपट्टी(मधुबनी)। अंचल क्षेत्र के मनपौर पंचायत के गम्हरिया गांव राधानगर टोला में सर्पदंश से पिता और पुत्र की मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रमेश मुखिया(35) और पुत्र रीतिक कुमार (03) वर्ष के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात कथित तौर पर दोनों पिता और पुत्र को सांप काट लिया। काफी समय तक दोनों नही समझे। अहले सुबह अचानक दोनों के पेट में जोर का दर्द उठा। जिसके बाद दोनों को गांव के ही एक ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाया गया, मगर डॉक्टर ने बेनीपट्टी अस्पताल ले जाने को कहा। जिसके बाद दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मगर बताया जा रहा है कि पीएचसी पहुंचने तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। पिता की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मधुबनी रेफर कर दिया, जहां मधुबनी पहुंचने तक रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। दोनों के शव को पुनः वापस गांव लाया गया। मुखिया अमरेंद्र कुमार मिश्र सुगन ने बताया कि काफी हृदय विदारक घटना है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात की गई थी, मगर उनके द्वारा पोस्टमार्टम कराने की बात कही गयी। मुखिया ने बताया ग्रामीणों ने शव को पुनः पोस्टमार्टम में जाने देने से इंकार कर दिया।