बेनीपट्टी(मधुबनी)। प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रहे वर्षा के कारण अधवारा समूह के नदियों सहित अन्य नदियों का जलस्तर खतरे की सीमा की ओर धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। जिससे अगल बगल में स्थित गांवों के लोगों में भय पनपने लगा है। अधवारा समूह के धौंस, खिरोई, बुढ़नद, कोकरा तथा बछराजा एवं थुम्हानी नदी के जलस्तर में काफी बढ़ोतरी हुई है। इधर, पिछले वर्ष के भांति इस वर्ष बाढ़ पूर्व तैयारी के दिशा में कोई तैयारियां नही की गई है। सिर्फ दावे ही किए जा रहे है कि तैयारी पुरी कर ली गई है। सरकार और प्रशासन बाढ़ रूपी आपदा से निपटने के लिए तैयार है। मगर अबतक बांधों की मरम्मती तो दूर निरीक्षण तक नही किया गया है। पाली, करहारा, रानीपुर, चानपुरा, अग्रोपट्टी, सोहरौल सहित अन्य गांवों में बांधो तथा तटबंधों की हालत बहुत खराब है। इस वर्ष बाढ़ पूर्व तैयारी के नाम पर एक टोकरी मिट्टी भी किसी बांधों और तटबंधों पर नही डाली गई है। जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश गहराने लगा है। इस संबंध में सीओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नदियों के जलस्तर, बांधों और तटबंधों का जायजा लगातार लिया जा रहा है।