बेनीपट्टी (मधुबनी)। प्रखंड कार्यालय के सामने से एसएफसी गोदाम की ओर जाने वाली पथ कभी भी बड़ी दुर्घटनाओं को अंजाम दे सकती है। सड़क पर इस कदर जगह-जगह गड्ढा उग आये है कि कभी भी दुर्घटना हो सकती है। करीब बीस वर्ष पूर्व निर्मित पथ का निर्माण तो दूर इन वर्षों में पथ की मरम्मति भी नहीं कराई जा सकी। जिसके कारण सड़क दिनोंदिन जर्जरता का शिकार हो गयी। जबकि उक्त पथ से रोजाना दर्जनों अनाज से लदी भारी वाहनों की आवाजाही होती है। वहीं बेनीपट्टी प्रखंड के पूर्वी भाग के दर्जनों पंचायत के लोग उक्त पथ से ही प्रखंड के कार्य के लिए आवाजाही करते है। बता दें कि उक्त पथ के मध्य ही बेनीपट्टी का एकमात्र महिला कॉलेज संचालित है। जहां शैक्षणिक कार्य के लिए छात्राएं आवाजाही करती है। काफी व्यस्तम पथ होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि उक्त पथ के निर्माण के प्रति उदासीन बने हुए है। दो किमी का पथ कब जानलेवा हो जाए, कहना मुश्किल है। गौरतलब है कि उक्त पथ के निर्माण से कई सरकारी कर्मी भी कम समय में पूर्वी भाग की आवाजाही कर पायेंगे। वहीं सरिसब -अकौर पथ के मरम्मत होने से पथ के पश्चिमी भाग की जर्जरता आम लोगों को परेशान कर रही है। जानकारी दें कि प्रखंड के सामने से जाने वाली पथ से कम समय में लोग पथ न0-420 तक पहुंच जाते है। स्थानीय लोगों की माने तो उक्त पथ के निर्माण से मुख्य पथ पर वाहनों का भार कम हो जाएगा। पूर्वी भाग के लोग आसानी से प्रखंड की आवाजाही कर पायेंगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पथ का गड्ढा बारिश के पानी में लबालब हो जाने पर काफी खतरनाक हो जाती है। अक्सर भारी वाहन उक्त गड्ढा में फंस जाता है। इस संबंध में पूछे जाने पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि उक्त सड़क के निर्माण के लिए विभागीय कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।