बेनीपट्टी(मधुबनी)। जिला परिषद् सदस्य खुशबू कुमारी ने प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार को छह सूत्री मांगो का ज्ञापन सौंप कर यथोचित कार्रवाई करने की मांग की है। जिप सदस्य ने दिये गए ज्ञापन में बताया है कि उनके जिप क्षेत्र के सभी पंचायत बाढ़ से पूर्णरुप से प्रभावित है। किसानों के फसल बर्बाद हो गये है। लोगों के घर व आवाजाही के लिए निर्मित सड़क के क्षतिग्रस्त होने व बांध के कटाव होने से आवाजाही की समस्या उत्पन्न हो गयी है। जिसकी मरम्मत अतिआवश्यक है। जिप सदस्य ने कहा कि सूखा राहत वितरण में प्रशासन की व्यवस्था सही नहीं थी। सर्वाधिक क्षति वाले बर्री पंचायत के दो वार्डों में जिलाधिकारी के आदेश पर पॉलीथीन सीट की व्यवस्था की गई, लेकिन अन्य वार्डों के पीड़ितों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गयी। जिसके कारण आज भी लोग खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। वर्ष-2017 में बर्री के रजिया गांव के पीड़ितों को जीआर की राशि नहीं मिली थी। वहीं क्षेत्र में जीआर की राशि से वंचित होने का मामला उठाते हुए कहा कि पंचायत अनुश्रवण समिति से पारित होने के बाद भी जीआर की राशि नहीं मिल सकी। इस बार विशेष रुप से ध्यान दिए जाने की जरुरत है। वहीं जिप सदस्य ने मृत लोगों के खाते में भी जीआर की राशि भेजे जाने की शिकायत की। बांध के मरम्मत में भारी अनियमितता की खबर प्रकाशित होने के बाद भी संवेदक व कनीय अभियंता पर कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत करते हुए कहा कि मीडिया ने जो भी बिंदूओं पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ठ कराया। आखिरकार वहीं सच साबित हुआ। भारी पैमाने पर बांध ध्वस्त हुआ। जबकि, एक वर्ष पूर्व ही करोड़ों की राशि से मरम्मत कराए गये थे। वर्ष-2017 के बाढ़ के उपरांत क्षतिग्रस्त सड़कों के मोटरेबुल में ग्रामीण कार्य विभाग के द्वारा मनमानी किए जाने की शिकायत करते हुए कहा कि विभाग के द्वारा राशि के बंदरबांट की गयी। जिसके कारण सड़कों को सही ढंग से दुरुस्त नहीं किया गया।