बेनीपट्टी(मधुबनी)। अरेड़ थाना के लोहा में बीती रात हथियारों से लैस दर्जन भर डकैतों ने सेवानिवृत शिक्षक रामकृपाल झा के घर भीषण डकैती की। डकैतों ने डेढ़ लाख नकद सहित पांच लाख की डकैती की घटना को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार दिवाली की देर रात करीब बारह बजे दर्जन भर डकैत सेवानिवृत शिक्षक के नाती सह व्यवसायी रुपक कुमार ठाकुर के घर आम के डाली पर चढ़कर प्रवेश कर व्यवसायी के कनपट्टी पर पिस्तौल तान कर कमरों की चाभी हथिया ली। इस दौरान डकैतों ने व्यवसायी के दो वर्ष के पुत्र ओम कुमार को कब्जें में लेकर तीन घरों में जमकर डकैती की। गृहस्वामी के अनुसार सभी डकैत युवा और हाफ पेंट व शर्ट पहने हुए थे। घर में प्रवेश कर करीब आधा घंटे तक डकैती की। गृहस्वामी ने बताया कि डकैतों ने साढ़े तीन लाख के जेवरात भी लूट लिए। उधर, घटना की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस अधीक्षक दीपक बरणवाल, पुलिस उपाधीक्षक पुष्कर कुमार, सर्किंल इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार मिश्रा, अरेड़ एसएचओ गया सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरु कर छापेमारी शुरु कर दी है। घटना की सुबह लगातार बढ़ रहे अपराध की घटना के विरोध में स्थानीय व्यवासियों ने लोहा चौक पर मुख्य पथ को जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, करीब दो घंटे के बाद एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने सभी आक्रोशित लोगों को घटना में संलिप्त सभी अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम खाली कराया। एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना में संलिप्त सभी डकैतों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।