बेनीपट्टी(मधुबनी)। खिरहर के भाला-बैंगरा के राम जानकी मठ से बीती रात चोरों ने भगवान की नौ मूर्ति चोरी कर ली है। स्थानीय स्तर पर मूर्ति की कीमत करोड़ों में बतायी गयी है। बताया जा रहा है कि मठ के बाहर महंथ का पुत्र सो रहा था, इसी क्रम में चोर भगवान की सभी मूर्तियों की चोरी कर गायब हो गया। सुबह महंथ मठ का दरवाजा खोला तो मूर्तियां गायब थी। जानकारी के अनुसार महंथ शत्रुघ्न दास भगवान को भोग लगाकर दरवाजे को बंद कर अपने आवास पर चला गया। जबकि महंथ का पुत्र उसी जगह मंदिर परिसर में ही सो गया। सुबह जब वापस महंथ पूजा पाठ के लिए पट को खोला तो अष्टधातु की कुल 9 मूर्तियां गायब थी। मूर्ति चोरी की सूचना पुलिस व ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही खिरहर पुलिस दलबल के साथ मंदिर परिसर पहुंच मामले की जांच में जुट गए। कई घंटो के जांच के बाद भी पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी किये गए अष्टधातु की मूर्ति में भगवान राम-जानकी, लक्ष्मण, नरसिंह, गोपाल, हनुमान व भगवान विष्णु की मूर्ति शामिल है। इस बाबत थानाध्यक्ष शैलेश कुमार झा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द पुलिस मूर्ति की बरामदगी करेगी।