मास्टर ब्लास्टर चुने गए 21वीं शताब्दी के बेस्ट टेस्ट क्रिकेटर
मेलबर्न। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बेशक दो साल पहले क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो लेकिन अब भी उनको दिए जाने वाले सम्मान और पुरस्कारों का सिलसिला थमा नहीं है। उनकी ताजा उपलब्धि है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा कराए गए एक ऑनलाइन पोल की जहां सचिन को 21वीं शताब्दी का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर चुना गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक वेबसाइट द्वारा कराए गए एक ऑनलाइन पोल में 16 हजार से ज्यादा लोंगों ने हिस्सा लिया और अपने पसंदीदा क्रिकेटरों को वोट दिए। जब नतीजे आए तो महान सचिन तेंदुलकर को 21वीं शताब्दी का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर चुना गया। इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर श्रीलंका के कुमार संगकारा जबकि तीसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान व दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का नाम शामिल रहा। इस पोल को आयोजित करने के लिए वेबसाइट ने वर्ष 2000 से शीर्ष 100 खिलाड़ियों की सूची तैयार की थी जिनमें से फैंस को अपना पसंदीदा खिलाड़ी चुनना था।
सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को 23 प्रतिशत से भी ज्यादा वोट मिले। इस पोल को आयोजित करने से पहले काफी विचार-विमर्श किया जा चुका था, जब अंत में कोई चयन न हो सका तो ऑनलाइन पोल का आयोजन किया गया। पोल से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने हिसाब से सचिन को चौथे स्थान पर रखा था लेकिन नतीजों के बाद सचिन के फैंन ने उन्हें सीधे चार पायदान की छलांग लगाकर शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया। इस टॉप-10 सूची में सचिन एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।
- ये हैं नतीजेः
1. सचिन तेंदुलकर (भारत)
2. कुमार संगकारा (श्रीलंका)
3. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
4. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
5. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका)
6. एबी डीविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका)
7. शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया)
8. ग्लेन मैकग्रा (ऑस्ट्रेलिया)
9. मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका)
10. डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका)


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post