बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी अंचल के त्योंथ में गैस रिसाव से आग लग गई। जिसमें हजारों की क्षति हुई है। आग पर ग्रामीण व अग्निशमन दमकल के प्रयास से काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार त्योंथ के वार्ड न0-03 के पितांबर पासवान के घर मंगलवार की सुबह खाना पक रहा था। इस दौरान गैस पाईप से रिसाव करने लगा। घर के लोग जब तक समझ पाते, तब तक आग बेकाबू हो गया। आग से घर में रखा खाद्यान्न, कपड़ा, कागजात व बीस हजार नकद के साथ गाय झूलस गयी। ग्रामीणों ने गाय के झूलसते ही रस्सी खोलकर घर से बाहर कर दिया। उधर, आग की सूचना मिलते ही पूरा ग्रामीण एकजुट होकर अग्निशमन को सूचित कर स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरु कर दिया। पैक्स अध्यक्ष विवेक राय, पंसस मदन महतो व अमित झा ने अथक प्रयास कर आग पर काबू करना शुरु कर दिया। इसी समय अग्निशमन दमकल पहुंचा। जहां आग पर पूर्णरुप से काबू कर लिया गया। पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि पितांबर पासवान के हिस्से में एकमात्र ही फूस का घर था। जो पूर्णरुप से जलकर खाक हो गया। वहीं नकदी व खाद्यान्न जल गए। लोगों ने बताया कि अब पीड़ित की समस्या दोगुनी हो गई। इस संबंध में अंचलाधिकारी पल्लवी कुमारी गुप्ता ने बताया कि राजस्व कर्मचारी से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने पर यथाशीघ्र राहत प्रदान किया जाएगा।