बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी पुलिस के निष्क्रियता से चोरों का मनोबल बढ़ गया है। लगातार चोरी की घटनाओं से गृहस्वामियों में दहशत कायम हो रहा है। बावजूद पुलिस एक भी चोरी कांड का उद्भेदन नहीं कर पा रही है। बीती रात बेनीपट्टी ब्लॉक रोड के कब्रिस्तान के समीप अशोक प्रधान के सूने घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। गृहस्वामी पुत्री के विवाह के लिए अपने गांव महमदपुर गए हुए है। घर में ताला झूलता देख चोरों ने छत के सहारे घर में प्रवेश कर तीन कमरों का ताला तोड़ कर घर में रखे करीब सात भईर सोने के जेवरात समेत करीब ढाई से तीन लाख के रेडिमेड कपड़ों की चोरी की है। सोमवार को विवाह का कार्ड लेने के लिए आए प्रधान ने जब घर का ताला खोला तो पूरे घर को तहस-नहस पाया। उधर, गृहस्वामी के जानकारी पर एसएचओ सह पुलिस निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रामप्रवेश राय व देवेन्द्र पासवान मौके पर दल-बल के साथ पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन शुरु की। गृहस्वामी ने बताया कि वे लोग गत तीन चार दिन पूर्व ही सपरिवार गांव चले गए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने घर की रेकी कर छत पर चढ़कर ग्रील को तोड़ कर घर में प्रवेश कर गया। गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने गोदरेज व दिवान पलंग को तोड़कर जमीन के कागजात, जेवरात व कपड़ों की चोरी की है। उधर, एसएचओ सह पुलिस निरीक्षक श्री सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गयी है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला को इसकी जानकारी दी गयी है। फिंगर प्रींट के विशेषज्ञ को बुलाकर इसकी जांच कराई जाएगी। एसएचओ ने बताया कि गृहस्वामी की ओर से आवेदन दिए गए है।