बेनीपट्टी(मधुबनी)। मधवापुर प्रखंड के विशनपुर पंचायत के बाढ़ से विस्थापित परिवारों के बीच राहत वितरण नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने स्टेट हाईवे-75 को घंटो जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़ितों ने बताया कि बाढ़ के सात दिन गुजर जाने के बाद भी किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी गयी है।लोग भूखे पेट सोने को विवश है।विस्थापित परिवार के लोगों ने बताया कि आवाजाही के लिए मिला नाव दूसरे गांव के लोग ले गये है।जिससे आवाजाही करने में भी समस्या हो रही है।दवा नहीं मिलने से लोग बीमार हो रहे है।पीड़ितों ने बताया कि बाढ़ से विस्थापित होने के बाद सरकारी स्तर से कुछ भी नहीं मिला है।न ही कोई अधिकारी मिलने के लिए आया है।उधर सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुखिया रेणु देवी के पति रामप्रकाश ठाकुर ने आक्रोशित लोगों को हर सरकारी सुविधा दिये जाने का आश्वासन देते हुए जाम को खत्म कराया।पीड़ितों ने मुखिया पति से जल्द ही राहत दिलाने की मांग की।