बेनीपट्टी(मधुबनी)। मधवापुर के बासुकी बिहारी में पूर्व व वर्तमान मुखिया के बीच झड़प् हुई है। जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हो गए है। वर्तमान मुखिया लक्षणदेव मंडल व उनके समर्थकों का इलाज बेनीपट्टी पीएचसी में किया जा रहा है। वहीं पूर्व मुखिया विजय कुमार साह के समर्थकों का इलाज स्थानीय स्तर पर हो रहा है। झड़प की सूचना मिलते ही एसडीपीओ बिस्फी से बेनीपट्टी पहुंच जख्मियों को देख बेनीपट्टी थाना को फर्दब्यान करने का निर्देश दिया। वर्तमान मुखिया मंडल ने बताया कि पूर्व मुखिया आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर लगातार हमला करा रहा है। 19 मई को उनके भतीजे अखिलेश मंडल पर हमला कराया। जिसमें दो लोगों को नामजद किया गया है। मुखिया ने बताया कि कुछ ग्राम रक्षा दल उनसे रजिस्टर पर सत्यापन कराने के लिए आये। सत्यापन करने से इंकार कर दिए जाने के बाद पूर्व मुखिया ने जातिय बैठक कर सोमवार को अचानक हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान मुखिया के तरफ से मुखिया के अलावे सुरेन्द्र सिंह, दयावान मंडल, राम कुमार मंडल, अजय मंडल, रामचन्द्र मंडल, रामवृक्ष मंडल, अमित कुमार सिंह, बद्री दास, कृष्णदेव मंडल, प्रेम कुमार दास सहित अन्य लोग जख्मी हो गए है। उधर, वर्तमान मुखिया ने मधवापुर थाना पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मारपीट के बाद करीब आधा घंटे तक पथराव किया गया। इससे पहले दहशत पैदा करने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की गई। मधवापुर थाना के सरकारी मोबाईल पर कई बार फोन किया गया, लेकिन स्वीच ऑफ होने के कारण कोई सूचना नहीं दी जा सकी। उधर, जानकारी के अनुसार दूसरे पक्ष से भी लोग घायल हुए है। पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने मोबाईल के स्वीच ऑफ होने से इंकार करते हुए कहा कि बोर्डर पर सरकारी मोबाईल अधिकांश काम नहीं करता है। वहीं एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से बयान लिया जा रहा है। बयान के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सभी जख्मियों का इलाज जरुरी है।