मधुबनी। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान "मोदी सरकार के नौ साल बेमिसाल" कार्यक्रम के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय आहूत कार्यक्रम के तहत देश भर में सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों पर शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर उनकी विफलताओं का पर्दाफाश करने का निर्देश प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी किया गया है।
1
शनिवार को न्यायालय परिसर स्थित ललित भवन जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को जिलाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार मिश्र द्वारा प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रो. मिश्र ने कहा कि मोदी सरकार देश भर में यह कार्यक्रम चलाकर जनता को गुमराह कर 2024 में पुनः सत्ता पर काबिज होना चाहती है। उन्होंने कहा कि "मोदी सरकार के नौ साल बेमिसाल" नहीं बल्कि, नौ साल में पूरा देश मंहगाई, बेरोजगारी एवं घोटालों से बेहाल है।
मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश पर प्रति वर्ष 25 अरब डॉलर का विदेशी कर्ज बोझ बढ़ रहा है। 2014 तक यह विदेशी कर्ज सिर्फ 409 अरब डॉलर था जो इनके नौ साल के कार्यकाल में बढ़कर अब 613 अरब डॉलर हो गया है। देशवासियों के सिर से विदेशी कर्ज हटाकर स्विस बैंक से धन लाने वाली उनकी घोषणा की हवा निकल गई है।
2
इसी तरह हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की घोषणा जुमला साबित हुआ है । क्योंकि, बेरोजगारी दर 3.4 प्रतिशत से बढ़कर अब 8.1प्रतिशत पर पहुंच गया है। यूपीए सरकार में 414 रुपए में बिकने वाले घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चूड़ियां लेकर प्रदर्शन करती फिरती थी और आंसू बहाती थी। लेकिन, उसका का दाम बढ़कर 1200 से 1300 रुपए तक पहुंच गया है।
उज्ज्वला योजना की हवा निकल गई है। उपभोक्ता अर्थाभाव में गैस का रिनुअल नहीं करा पा रहे हैं। वस्तुओं की कीमत आसमान छू रही है। आम आदमी की थाली से दाल, सब्जी गायब है। चारों तरफ मंहगाई, बेरोजगारी एवं घोटालों की मार है। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में स्वायत संगठन दबाव में काम करने को विवश है। देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति आ गई है।
आरएसएस के इशारे पर गांधी के देश में गोडसे व सावरकर को महिमामंडित कर नफरत फैलाने और समाज को बांटने की साजिश रची जा रही है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान के साथ छेड़छाड़ कर इतिहास को तोड़मरोड़ कर पेश करने की साजिश चल रही है। देशहित में उठने वाली विपक्षी आवाज को सीबीआई, इनकम टैक्स एवं ईडी का भय दिखाकर दबाया जा रहा है। इनके कार्यकाल में जनमत से चुनी गई सरकार को अपदस्थ करने के लिए सरेआम धनबल का उपयोग किया जा रहा है।
विपक्षी सरकार की छोटी से छोटी कमियों को ढूंढकर उन्हें पदच्युत करने के लिए राष्ट्रपति शासन लागू करने की तरकीब खोजी जाती रही है। लेकिन, मणिपुर करीब दो महीने से जल रहा है। जबकि, वहां भाजपा की डबल इंजन की सरकार चल रही है, उसकी चिंता छोड़कर मोदी शाह 24 फतह करने के अभियान में अपने तमाम कुनबों के साथ जुटे हुए हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो. शीतलांबर झा, एआईसीसी डेलिगेट नलिनी रंजन झा उर्फ रूपन, जिला उपाध्यक्ष सह उप महापौर अमानुल्लाह खान, प्रदेश संयुक्त संगठन सचिव कृष्णकांत झा गुड्डू, अशोक कुमार, शाहिद हुसैन, अविनाश झा, साबिर मुखिया, अकिल अंजुम, संजय झा, मुकेश झा पप्पू, विनय कुमार, मिहिर झा, राजू झा, महेश दस, सत्यनारायण पासवान, विश्वनाथ पासवान, सुनील झा सहित कई पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।
Follow @BjBikash