बेनीपट्टी(मधुबनी)। साहरघाट थाना क्षेत्र के बैंगरा गांव में भूमि विवाद में एक छह वर्ष की बच्ची की हत्या कर दी गई है। इस संबंध में मृतका के चाचा दरवेश साह ने गोविन्द साह समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार मुनचुन साह की पुत्री प्रीति कुमारी (06) को दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट के दौरान हत्या कर दी है। वहीं मारपीट में हुए अन्य जख्मी दुखरण साह व त्रिवेणी देवी का इलाज बेनीपट्टी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जा रहा है। बैंगरा में हुए विवाद में बच्ची की हत्या की खबर होते ही पुलिस सन्न हो गई। पुलिस उपाधीक्षक पुष्कर कुमार व सर्किल इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार मिश्रा ने दल-बल के साथ मौके का मुआयना कर जख्मी को बेनीपट्टी भेज दिया। पुलिस ने मारपीट के दौरान हुई हत्या के आरोप में तत्काल  गोविन्द साह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बैंगरा के मुनचुन साह व गोविन्द साह के बीच भूमि विवाद चल रहा था। वहीं पुलिस भूमि विवाद से इंकार कर रही है। मुनचुन साह ने बताया कि गोविन्द साह के साथ उनका भूमि विवाद चल रहा था। बुद्धवार की सुबह भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो गई। इसी बीच आरोपियों ने बच्ची की हत्या कर दी। उधर छह वर्ष की मासूम की हत्या से जहां मृतका का पिता सुन्न हो गया है। वहीं मृतका की मां चमेली देवी घटना के बाद से लगातार बेहोश है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस एहतियातन गांव में कैंप कर रही है। उधर भूमि विवाद से इंकार करते हुए एसडीपीओ ने बताया कि वे लोग अपनी पट्टीदार है। कुछ वर्ष पूर्व वे लोग आपसी मेलमिलाप से जमीन खरीद की थी। जिसकी आज पूजा करने की बात हुई थी। उसी पूजन को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति दर्ज कर दी। इसी बात को लेकर मारपीट की घटना हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि सभी मामलों पर पुलिस जांच कर रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उधर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 8677954500 पर भेज सकते हैं... BNN न्यूज़ के व्हाट्स एप्प ग्रुप Join करें - Click Here



Previous Post Next Post