बिहार बोर्ड की परीक्षा में अपनी मेधा का लोहा मनवाने वाले बेनीपट्टी प्रखंड के छात्र-छात्राओं के लिए खुशी की खबर है। पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने घोषणा की है कि इंटर और मैट्रिक की परीक्षा 2026 में प्रखंड स्तर पर टॉप करने वाले विद्यार्थियों को एक भव्य समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान टॉपर छात्रों को 11,000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि और सम्मान पत्र भेंट किया जाएगा।
शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
पूर्व जिला पार्षद सदस्य राजेश यादव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मेधावी छात्रों का मनोबल बढ़ाना है। उन्होंने कहा, "जब हम प्रतिभावान बच्चों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को सम्मानित करते हैं, तो इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि भविष्य में परीक्षा देने वाले छात्रों के बीच भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। हमारा प्रयास रहेगा कि यह सम्मान समारोह हर वर्ष निरंतर आयोजित हो।"
अब तक के घोषित इंटर टॉपर्स (बेनीपट्टी प्रखंड) :
जारी परीक्षा परिणाम के अनुसार, प्रखंड में निम्नलिखित छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है:
- विज्ञान संकाय : प्रद्युम्न कुमार (470 अंक) – श्री लीलाधर उच्च विद्यालय, बेनीपट्टी
- वाणिज्य संकाय : आयुष्मान झा (470 अंक) – पीडीसीपी कॉलेज, बसैठ
- कला संकाय : साक्षी कुमारी (458 अंक) – पीडीसीपी कॉलेज, बसैठ
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में होगा आयोजन
राजेश यादव ने स्पष्ट किया कि मैट्रिक के परिणाम घोषित होने के बाद एक तिथि निर्धारित की जाएगी। प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सोनी देवी, स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस दौरान छात्रों के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों और अभिभावकों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
Follow @BjBikash

