बेनीपट्टी(मधुबनी)। बेनीपट्टी के पत्रकार आरटीआई एक्टिविस्ट अविनाश झा उर्फ बुद्धिनाथ के घर शनिवार की देर शाम पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ शकील अहमद पहुँचे। उन्होंने अविनाश के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों ने डॉ अहमद को घटना की पूरी जानकारी के साथ पुलिस की अबतक की कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस विशेष प्रयास नहीं कर रही है। जिन छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है, वो सिर्फ प्यादे है। जबकि, मास्टरमाइंड कोई और है, जो अबतक आजाद है। डॉ अहमद ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता की जघन्य हत्या हुई है। जो दुखद है। पुलिस का जिस तरह का प्रयास दिखना चाहिए था, वो परिजनों को नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित को सही समय पर न्याय दिलाने से सिस्टम पर विश्वास बढ़ता है।
1
वे पुलिस के आलाधिकारियों से बात करेंगे, की आखिर ये सब क्या हो रहा है। अविनाश जी हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनको इंसाफ दिलाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पूर्व एमएलए भावना झा ने कहा कि इनदिनों मधुबनी में लगतार आपराधिक घटनाएं हो रही है। पुलिस मूकदर्शक है। सीएम से समय मांगा तो नहीं मिला। लेकिन, उन्होंने फोन किया था। उन्हें बेनीपट्टी की घटना की पूरी जानकारी दी थी। लेकिन, कुछ परिणाम नहीं दिख रहा है। जो काफी शर्मनाक है। मौके पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष कौशल किशोर चौधरी, मिहिर झा, नलिनी रंजन, मीनू पाठक, केसी पाठक, सुजीत झा आदि थे।
2